नहर में शव मिलने के बाद एकत्रित लोग
हरियाणा के रोहतक शहर में दिल्ली रोड पर IG ऑफिस के सामने जवाहरलाल नेहरू कैनाल (JLN) में वीरवार को दो शव मिले। दोनों शवों करीब 24 घंटे बीत जाने के बाद भी शिनाख्त नहीं हो पाई है। इधर, दोनों शवों की हत्या करके नहर में फेंकने की आशंका जताई जा रही है। जिसके चलते पुलिस भी मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है।

मृतकों की शिनाख्त के लिए आसपास के पुलिस थानों व चौकियों में भी सूचना दी गई है। ताकि कहीं से कोई युवक लापता हुए हों तो उनकी शिनाख्त हो पाए। वहीं आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। शवों की हालत देखकर लगता है कि वे काफी समय पुराने हो सकते हैं। पानी में रहने के कारण उनकी हालत खराब हो गई।
शिनाख्त करना प्राथमिकता
IMT पुलिस थाना प्रभारी सत्यपाल ने बताया कि दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। जिससे की यह स्पष्ट हो पाए कि उनकी मौत किस कारण से हुई है। पोस्टमार्टम होने के बाद ही खुलासा होने की उम्मीद है। हालांकि प्राथमिकता दोनो की शिनाख्त करने की है। शिनाख्त होने के बाद मामला स्पष्ट हो पाएगा और आगे की जांच भी जल्दी होगी।
लोगों ने दी थी सूचना
JLN नहर में दो शवों को देखा तो लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही IMT थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद शवों को पानी से बाहर निकाला गया। अनुमान लगाया जा रहा है कि इनकी हत्या करके शव फेंके गए हैं। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।