विधायक अभय सिंह
हरियाणा के नांगल चौधरी के विधायक डा. अभय सिंह यादव ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल से उनके आवास पर मिलकर क्षेत्र में सरसों में हुए बड़े पैमाने पर नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने विधायक को आश्वस्त किया कि वे सारी स्थिति से भली भांति अवगत हैं और 5 फरवरी के बाद फसल की गिरदावरी प्रारंभ होगी। इसमें नुकसान का आकलन किया जाएगा।
विधायक ने बताया कि कृषि विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव ने बताया कि इस नुकसान का आकलन कृषि और राजस्व विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से करेंगे, ताकि नुकसान का सही से पता किया जा सके। इस विषय में कृषि विभाग के अधिकारियों की विशेष दक्षता का लाभ उठाया जा सके। इस गिरदावरी की रिपोर्ट के आधार पर किसानों को मुआवजा देने संबंधी आगामी कार्रवाई की जाएगी।
डा. अभय सिंह यादव ने बताया कि क्षेत्र में प्रमुख सरसों की फसल में सर्दी ने जो नुकसान किया है वह सचमुच किसान के लिए एक बहुत बड़ा आर्थिक आघात है जिसकी पूर्ति सरकार के द्वारा यथासंभव की जाएगी। बाजरे के भावांतर की बकाया राशि भी सरकार द्वारा जारी कर दी गई है।
विधायक ने हलके में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं के बारे में भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया। ढोसी के पहाड़ में पर्यटन का विकास, लॉजिस्टिक हब की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना एवं मेडिकल कॉलेज के निर्माण को गति प्रदान करने आदि अन्य महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं पर भी मुख्यमंत्री से व्यक्तिगत नजर रखने का आग्रह किया।