हरियाणा के फतेहाबाद में काठ मंडी क्षेत्र में गुरुवार को दोपहर बाद बहन भाई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दोनों के शव नागरिक हॉस्पिटल के पोस्टमार्टम गृह में रखे गए हैं। पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है। प्रथम दृष्ट्या सुसाइड का मामला बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार काठ मंडी निवासी 48 वर्षीय प्रवीण नारंग और उसकी 49 वर्षीय बहन अंजू की आज दोपहर को तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें तुरंत हिसार के निजी हॉस्पिटल में ले गए। जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। बताया जा रहा है किसी जहरीली वस्तु के सेवन से दोनों की जान गई है।

बहन भाई की मौत की सूचना पर घर में जांच करने पहुंची पुलिस।
हालांकि किस कारण यह घटना हुई, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। घटना के समय प्रवीण की 18 वर्षीय बेटी घर पर ही ऑनलाइन काम कर रही थी। 10 वर्षीय बेटा स्कूल गया हुआ था। अचानक तबीयत खराब होने पर उसने अन्य परिजनों को सूचना दी।
वहीं यह जानकारी सामने आई है कि महिला मानसिक रूप से कमजोर होने के चलते अविवाहित थी और अपने भाई के पास ही रह रही थी। सूचना पाकर डीएसपी सुभाष चंद्र ,सीन ऑफ क्राइम के डॉक्टर जोगेन्द्र सिंह और सिटी एसएचओ राजपाल सिंह मौके पर पहुंचे और मकान में जांच पड़ताल की। परिजनों से घटना के बारे में बात भी की। जांच पड़ताल जारी है।