हरियाणा के फतेहाबाद में साइबर क्राइम लगातार बढ़ रहा है। आए दिन ठग्गी ठोरी से जुड़े मामले सामने आ रहे हैं। टोहाना इलाके में एक बार फिर एक शख्स साइबर क्राइम का शिकार हो गया। उसके मोबाइल पर आए एक मैसेज पर क्लिक करने से उसके बैंक खाते से डेढ़ लाख रुपए उड़ गए।
टोहाना के वार्ड नम्बर 7 निवासी मनदीप सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि उसके फोन पर टैक्सट मैसेज आया, जिसमें बैंक खाते के केवाईसी बारे में बताया गया। जैसे ही उसने लिंक पर क्लिक किया तो उसके खाते से डेढ़ लाख की नगदी उड़ गई। उसने कोई पासवर्ड या ओटीपी सांझा नहीं किया था, फिर भी उसके साथ धोखाधड़ी हो गई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आईपीसी की धारा 379, 420 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि बीते दिनों टोहाना के ही एक शख्स को उसका साला बनकर फेसबुक मैसेंजर पर एक लाख रुपए मांगे गए थे, उसने विश्वास करके एक लाख रुपए बताए गए खाते में डलवा दिए, बाद में पता चला कि उसके साथ ठगी हो गई है।