हरियाणा के रोहतक शहर में दिल्ली रोड पर IG ऑफिस के सामने जवाहरलाल नेहरू कैनाल(JLN) में गुरुवार दोपहर को दो शव मिले। दोनों शव युवकों के थे। पानी में ऊपर तक आए शवों को देखकर वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही IMT थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शवों को नहर से बाहर निकलवाने की प्रक्रिया शुरू की गई। कड़ी मशक्कत के बाद शवों को पानी से बाहर निकाला गया। शवों को PGI भिजवाया। जहां उनके पंचनामा भरवा कर शवगृह में रखवा दिया है। शुरूआती जांच में हत्या कर इनके शव फेंकने की आशंका जताई जा रही है।
पोस्टमार्टम में होगा मौत के कारणों का खुलासा
पुलिस ने बताया कि गुरुवार दोपहर 2 बजे पुलिस को सूचना मिली कि जवाहरलाल नेहरू कैनाल के अंदर दो शव पड़े हुए हैं। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। कैनाल के किनारे पर भारी भीड़ जमा थी। कैनाल में पानी कम था।
शव को नहर में निकालकर पटरी पर लाया गया। साथ ही आसपास के लोगों को शव शिनाख्त के लिए दिखाए गए, लेकिन कामयाबी नहीं मिल सकी। दोनों शवों को देखने पर हत्या कर शव फेंके जाने का शक है। बाकी मौत के असल कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम में होगा।